प्रसिद्ध वैज्ञानिक अलबर्ट आइंस्टीन की जयंती पर पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
- Post By Admin on Mar 14 2026
जमुई : विश्व प्रसिद्ध वैज्ञानिक अलबर्ट आइंस्टीन की जयंती के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रवींद्र वाटिका, गोशाला रोड, पुरानी बाजार में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण भारती के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान फलदार आम के दो पौधे लगाए गए। पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण भारती के जमुई नगर संयोजक वैद्य दीपक कुमार मोदी ने किया।
कार्यक्रम में पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि संस्था वर्ष 2008 से लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रही है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि हरे-भरे वृक्ष ही मानव को जीवनदायी प्राकृतिक ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जबकि बढ़ती जनसंख्या और अंधाधुंध जंगलों की कटाई के कारण पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नदियों का सूखना, तापमान में वृद्धि और कई स्थानों पर जल संकट जैसी समस्याएं पर्यावरण असंतुलन का परिणाम हैं। जमुई जिले के महादेव सिमरिया क्षेत्र में भी जल संकट के संकेत दिखाई देने लगे हैं। ऐसे में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अभियान को व्यापक स्तर पर चलाना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए हर व्यक्ति अपने आसपास कम से कम दस पेड़ अवश्य लगाए।
इस अवसर पर राम बिलास शाण्डिल्य ने महान वैज्ञानिक अलबर्ट आइंस्टीन के जीवन और उनके वैज्ञानिक योगदानों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 14 मार्च 1879 को जर्मनी में जन्मे आइंस्टीन को 20वीं सदी का सबसे प्रभावशाली वैज्ञानिक माना जाता है। सापेक्षता सिद्धांत और प्रसिद्ध समीकरण *E = mc²* के लिए वे विश्वभर में जाने जाते हैं। प्रकाश-विद्युत प्रभाव की खोज के लिए उन्हें वर्ष 1921 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था। 18 अप्रैल 1955 को 76 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।
पौधारोपण कार्यक्रम में वैद्य दीपक कुमार मोदी, नीशू मोदी, विजय मोदी, राम बिलास शाण्डिल्य, शिवम कुमार, सत्यम कुमार, अक्षत राज और गौरव कुमार सहित कई लोगों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।