विश्वविद्यालय में भूख हड़ताल का दूसरा दिन, DSW के आश्वासन को छात्रों ने नकारा

  • Post By Admin on Oct 01 2026
विश्वविद्यालय में भूख हड़ताल का दूसरा दिन, DSW के आश्वासन को छात्रों ने नकारा

मुजफ्फरपुर: छात्रहित से जुड़ी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में जारी अनिश्चितकालीन धरना एवं भूख हड़ताल गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही। आंदोलनकारी छात्रों के अनुसार, दूसरे दिन पहले दिन की तुलना में अधिक संख्या में छात्र-छात्राएं धरना स्थल पर पहुंचे और अनशन पर बैठे छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

धरना स्थल पर दिनभर छात्रों ने नारेबाजी करते हुए महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय प्रशासन पर पूर्व में किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से चल रहा है। प्रेस विज्ञप्ति में धरना स्थल पर पुलिसकर्मियों द्वारा दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

आंदोलन के बीच विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष (DSW) कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और अनशनकारी छात्रों से बातचीत की। छात्रों ने उनके समक्ष अपनी विभिन्न मांगें रखीं। अधिकारी ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और समस्याओं को कुलपति के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। साथ ही छात्रों से धरना एवं अनशन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखने की अपील की गई। हालांकि, आंदोलनकारी छात्रों ने प्रशासन के मौखिक आश्वासन को स्वीकार नहीं किया। छात्रों का कहना है कि पूर्व में भी उन्हें कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए अब वे केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।

छात्रों ने कहा कि छात्रावास आवंटन, शासनादेश के विरुद्ध लिए गए नामांकन शुल्क की वापसी, पुस्तकालय में आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता, प्रयोगशालाओं का नियमित संचालन सहित अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई और आधिकारिक आदेश जारी होने तक धरना एवं भूख हड़ताल जारी रहेगी। आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक वे धरना स्थल से पीछे नहीं हटेंगे। धरना स्थल पर सुमन कुमारी, तान्या कुमारी, गौरी कुमारी, श्रुति कुमारी, केसर कुमारी, नैना कुमारी, संध्या कुमारी, निखिल राज, अमन कुमार, हिमांशु, सुजीत, आशुतोष, अनमोल, अमीत, प्रभात, नितीश कुमार, लोकेश, शिवम, नितीन और सौरभ सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।