रांची : अब झारखंड के बच्चों के लिए वेदों और शास्त्रों की शिक्षा प्राप्त करने का एक नया अवसर खुलने जा रहा है। कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी विजयेंद्र सरस्वती ने राज्य में वैदिक स्कूल खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत रांची और देवघर में दो वैदिक स्कूल खोले जाएंगे, जहां बच्चों को वेद, शास्त्र और भारतीय संस्कृति के गहरे पहलुओं की शिक्षा दी जाएगी।
धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक ने बताया कि राज्य सरकार से सहयोग प्राप्त करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि इन स्कूलों को सफलतापूर्वक स्थापित किया जा सके। कांची पीठ ने इन स्कूलों के लिए दो से तीन एकड़ जमीन की आवश्यकता जताई है। इसके लिए रांची और देवघर के बंद पड़े संस्कृत विद्यालयों को चिह्नित किया गया है। न्यास बोर्ड सरकार से आग्रह करेगा कि ये जमीनें लीज पर दी जाएं, ताकि वैदिक शिक्षा का यह अभियान शुरू किया जा सके।




















