अभाविप द्वारा राजभाषा हिन्दी की चुनौतियां एवं संभावनाएं विषय पर संगोष्ठी का आयोजन

  • Post By Admin on Sep 14 2024
अभाविप द्वारा राजभाषा हिन्दी की चुनौतियां एवं संभावनाएं विषय पर संगोष्ठी का आयोजन

मुजफ्फरपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) मुजफ्फरपुर महानगर इकाई द्वारा हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में "राजभाषा हिन्दी की चुनौतियां एवं सम्भावनाएं" विषय पर बिहार विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में एक संगोष्ठी आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी भाषा की महत्ता, उसकी चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करना था।

कार्यक्रम में अभाविप के क्षेत्रीय छात्र कार्य प्रमुख डॉ. ममता कुमारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में हिंदी की लोकप्रियता न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में बढ़ी है। उन्होंने हिंदी को एक समृद्ध और सरल भाषा बताते हुए कहा कि यह भाषा न केवल स्पष्ट है, बल्कि इसका शब्दकोश भी निरंतर समृद्ध हो रहा है। हिंदी में संप्रेषण जितना सरल और सटीक है, वह अन्य किसी भाषा में नहीं है।

प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. आभा रानी ने हिंदी के संवैधानिक दर्जे से लेकर इसकी वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और छात्रों को हिंदी के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया। महानगर अध्यक्ष डॉ. विकाश कुमार ने हिंदी को हमारी भावनाओं को व्यक्त करने का सशक्त साधन बताते हुए कहा कि यह भाषा हमारे देश की एकता का आधार है, और इसे सम्मान देना हमारा कर्तव्य है।

संगोष्ठी का संचालन विभाग संयोजक दीपांकर गिरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रांत कोषाध्यक्ष डॉ. चौधरी साकेत ने दिया। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. आले मुस्तफा, भूगोल विभाग की अध्यक्ष प्रो. रूपा कुमारी, प्रो. रवि श्रीवास्तव समेत कई अन्य कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे