शराब तस्करों पर शिकंजा: लखीसराय में 324 लीटर विदेशी और 23 लीटर चुलाई शराब के साथ पांच पकड़ाए

  • Post By Admin on Oct 12 2026
शराब तस्करों पर शिकंजा: लखीसराय में 324 लीटर विदेशी और 23 लीटर चुलाई शराब के साथ पांच पकड़ाए

लखीसराय : मद्यनिषेध थाना लखीसराय की टीम ने शराब माफियाओं और पियक्कड़ों के खिलाफ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाकर भारी सफलता हासिल की है। 11 अक्टूबर 2026 की रात गुप्त सूचना के आधार पर बड़हिया थाना क्षेत्र के इन्दुपुर में कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने एक XUV 500 गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-01AG-0173) को रोका। जांच के दौरान वाहन से 'ओल्ड हैबिट' ब्रांड की 36 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई, जिसमें कुल 804 बोतलें (324.0 लीटर) विदेशी शराब शामिल थी। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर चालक वाहन की चाबी लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसके बाद उक्त वाहन को टोचन कर सुरक्षित थाने लाया गया।

वहीं, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई अन्य कार्यवाइयों में देशी व चुलाई शराब के साथ कुल पांच लोगों को दबोचा गया। किऊल थाना क्षेत्र के मोहनकुण्डी में की गई छापेमारी में शराब विक्रेता अजय चौधरी को 20 लीटर चुलाई शराब और 200 किलोग्राम जावा महुआ घोल के साथ पकड़ा गया। लखीसराय थाना अंतर्गत खरगहा पोखर के समीप से राजीव मांझी को 3 लीटर चुलाई शराब बेचने और सेवन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, लखीसराय थाना क्षेत्र के कुरौता से शराब पीने के आरोप में जोगेन्द्र मांझी और गारो मांझी को हिरासत में लिया गया। वहीं, सूर्यगढ़ा थाना अंतर्गत कटेहर मांझी टोला से प्रमोद कुमार भगत को शराब के नशे की हालत में पकड़ा गया। पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग ने सभी आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।