संगठन की मदद से प्रेमी जोड़े को मिला नया जीवन, विवाह के बंधन में बंधे

  • Post By Admin on Sep 09 2025
संगठन की मदद से प्रेमी जोड़े को मिला नया जीवन, विवाह के बंधन में बंधे

मुजफ्फरपुर : सामाजिक संस्था सोशल वर्कर फॉर वूमेन एंपावरमेंट ने मंगलवार को एक संवेदनशील मामले में हस्तक्षेप कर दो युवाओं का विवाह संपन्न कराया। संस्था के पास एक युवक के पिता का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि एक लड़की अपने घर से भागकर उनके बेटे के साथ उनके घर आ गई है और स्थिति संभालना मुश्किल हो रहा है।

सूचना मिलते ही संस्था की सदस्याएँ मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले का जायजा लिया। लड़के, लड़की और उनके परिवार से बातचीत करने के बाद पता चला कि लड़की का परिवार उसे अपनाने को तैयार नहीं है। लड़की के पिता ने फोन पर स्पष्ट कहा कि उनकी बेटी उनके लिए अब मर चुकी है और वे उसे घर नहीं लेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि दोनों की शादी होती है तो वे विवाह में शामिल होंगे, लेकिन बेटी को अपनाएँगे नहीं।

इसके बाद संस्था ने मामले की सूचना नगर थाना और स्थानीय मीडिया को दी। सभी पक्षों की सहमति से संतोषी माता मंदिर में विवाह की तैयारी की गई। संस्था की सदस्याओं ने न केवल पूरे विवाह की व्यवस्था की बल्कि स्वयं मोनिका अरोरा, सुमिता प्रकाश और संस्था की संयोजक बबली कुमारी ने मिलकर कन्यादान भी किया।

मंदिर से विधिवत रसीद कटवाकर वैवाहिक रस्में पूरी की गईं और अंततः दोनों युवाओं का विवाह सम्पन्न हुआ। विवाह के बाद लड़की को खुशी-खुशी लड़के के परिवार के साथ विदा किया गया।

संस्था की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का यह एक मिसाल है, जिसने दो जिंदगियों को सुरक्षित भविष्य दिया।