कल्याणपुर क्षेत्र में हम बिछा रहे सड़कों का जाल : मनोज

  • Post By Admin on Feb 17 2025
कल्याणपुर क्षेत्र में हम बिछा रहे सड़कों का जाल : मनोज

पूर्वी चंपारण : कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में हम सड़कों का जाल बिछा रहे हैं। अब वह दिन दूर नहीं जब इस क्षेत्र में आने वाले कल्याणपुर एवं कोटवा प्रखंड के गांवों में कच्ची सड़कें खोजे नहीं मिलेंगी। उक्त बातें कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक व पूर्वी चंपारण जिला राजद के अध्यक्ष मनोज कुमार यादव ने रविवार को कल्याणपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से निर्मित होने वाले सड़कों के शिलान्यास के दौरान कही। 

इससे पहले विधायक मनोज यादव ने सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में नारियल फोड़ कर सड़क निर्माण कार्य की आधारशीला रखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकसित कल्याणपुर विधानसभा का निर्माण उनकी प्राथमिकता में शामिल है। विधायक मनोज यादव ने कहा कि आने आले कुछ ही समय में कल्याणपुर एवं कोटवा प्रखंड के सभी पंचायत विकास के मामले में आत्मनिर्भर बन जायेंगे। 

विधायक मनोज कुमार यादव ने पूर्वी सेमरा से मधुआहां जाने वाली सड़क, भुवनछपरा मणिछपरा रोड से माधोपुर गोविंद जाने वाली सड़क एवं रमडीहां से गंगा सिरसिया जाने वाली सड़क का शिलान्यास किया। इन सड़कों का निर्माण 3 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से होगा। 

इस मौके पर पूर्व मुखिया रामलाल प्रसाद गुप्ता, वरीय राजद नेता अरुण कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि असरार आलम, संवेदक हरि किशोर प्रसाद गुप्ता, पूर्व जिला पार्षद लखिन्द्र यादव, पूर्व उप प्रमुख अशोक कुमार यादव एवं कल्याणपुर प्रखंड राजद के अध्यक्ष योगेन्द्र महतो सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।