शाहपुर पटोरी में मनाया गया 89वां त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव

  • Post By Admin on Feb 17 2025
शाहपुर पटोरी में मनाया गया 89वां त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव

सुदामा न्यूज़ । समस्तीपुर : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवाकेंद्र द्वारा सोमारी हाट स्थित एक भवन में 89वां त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन मोरवा विधायक रणविजय साहू एवं शहर के प्रमुख व्यवसायी और समाजसेवी शंकर प्रसाद लोहिया ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रणविजय साहू ने कहा कि “अध्यात्म ही जीवन में सच्ची शांति का अनुभव कराता है।” उन्होंने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन लोगों को तनावमुक्त और व्यसनमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया।

बीके सविता बहन ने शिव जयंती की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “हम भौतिक सुखों से परिपूर्ण होते हुए भी भगवान की प्राप्ति के लिए संघर्षरत रहते हैं, क्योंकि जीवन का असली सुख केवल ईश्वर की प्राप्ति में ही है।” उन्होंने लोगों को समय की महत्ता को समझने और शिव की श्रीमत का पालन करने की सलाह दी।

बीके ओमप्रकाश भाई ने अपने संबोधन में कहा कि “शिव, कल्याणकारी परमात्मा हैं और उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर हर कार्य शुभ और कल्याणकारी होता है।” इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया और शिव जयंती के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।