पटना : शनिवार को शहीद भगत सिंह की पुण्य तिथि पर पर्यावरण भारती द्वारा राजेंद्र नगर इलाके में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शान्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हेतु महापुरुषों के जन्म दिन, पुण्य तिथि जैसे पुनीत अवसर पर संसार के मानव अगर वृक्षारोपण अभियान चलाएंगे तो शीघ्र ही धरती पर 33 % जंगल हो जाएगा। वृक्षारोपण से ही पर्यावरण संतुलन संभव है।

पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक तथा अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शान्डिल्य ने कहा कि 23 मार्च 1931 को मात्र 23 वर्ष की उम्र में शहीद-ए-आजम भगत सिंह को ब्रिटिश सरकार ने लाहौर के जेल में फाँसी दे दिया। उनके साथ सुखदेव और राजगुरू को भी 23 मार्च को ही फाँसी दिया गया था। अतः 23 मार्च को शहीद दिवस मनाया जाता है। इस दिन देशभक्त महापुरुषों का स्मरण किया जाता है। ऐसे महापुरुष के पुण्य स्मरण में फलदार वृक्ष अनार का वृक्षारोपण पुनीत कार्य है।

पर्यावरण भारती के वृक्षारोपण कार्यक्रम में पटना महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख अभिषेक कुमार वर्मा, सह प्रमुख अभिषेक कुमार बादल, प्रांत टोली सदस्य कृष्ण बल्लभ प्रसाद, कुटुम्ब प्रबोधन के अशोक कुमार साह, डॉक्टर सुनील कुमार, आरजू बरनवाल, निरंजन बरनवाल, विजय कुमार, श्याम राय, मनोज कुमार, जयंत मिश्र, विकास कुमार ठाकुर, सुजीत कुमार सिंह, राजीव कुमार, राम मोहन रस्तोगी, कृष्ण मोहन अग्रवाल, हरेन्द्र कुमार इत्यादि ने भाग लिया।