पितृ पक्ष में तर्पण और वृक्षारोपण से मिलता है पितरों का आशीर्वाद : राम बिलास शाण्डिल्य
- Post By Admin on Sep 09 2025
जमुई : आश्विन माह के कृष्ण पक्ष में आने वाला पितृ पक्ष पूर्वजों के पुण्य स्मरण का पावन पर्व माना जाता है। इसी अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गगतिविध के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने तर्पण के साथ देव वृक्ष पीपल और बरगद का पौधारोपण कर अपने पितरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि स्वर्गीय माता सुशीला देवी और पिता भागवत शाण्डिल्य उनके जीवन के प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनकी प्रेरणा से ही अब तक 1,22,513 पेड़ लगाए जा चुके हैं और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बचपन से ही माता-पिता ने सिखाया था कि वृक्षों में भी प्राण होते हैं और यही संस्कार आगे चलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा अभियान बने।
उन्होंने कहा कि पितृ पक्ष में तर्पण करने के साथ देव वृक्ष लगाने से पितर प्रसन्न होते हैं और उनका आशीर्वाद मिलता है। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अपील की कि पितरों की स्मृति में वृक्षारोपण को जीवन का हिस्सा बनाएं।
राम बिलास शाण्डिल्य वर्तमान में अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सक्रिय सदस्य भी हैं और लगातार पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में जुड़े हुए हैं।