आरएसएस शताब्दी वर्ष पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

  • Post By Admin on Sep 29 2025
आरएसएस शताब्दी वर्ष पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

जमुई : बोधवन तालाब स्थित जयशंकर नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आर.एस.एस.) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आम, जामुन और फूलों के कुल 10 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी सोना प्रताप सोना ने किया।

कार्यक्रम में उपस्थित पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक, साथ ही अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने आर.एस.एस. की ऐतिहासिक यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 1925 में विजयादशमी के दिन नागपुर के महाल में पूज्य डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार जी ने छोटे बच्चों के साथ लघु रूप में की थी। आज यह विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बन चुका है।”

उन्होंने आगे कहा कि आर.एस.एस. ने अपने विभिन्न सरसंघचालकों के नेतृत्व में समाज और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। डॉ. हेडगेवार से लेकर वर्तमान सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तक संगठन ने सामाजिक समरसता, शिक्षा, सेवा, स्वदेशी आंदोलन, और राम मंदिर आंदोलन जैसे अनेक अभियानों में नेतृत्व किया। वर्तमान समय में पंच परिवर्तन अभियान—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जागरण और नागरिक कर्त्तव्य—पर विशेष बल दिया जा रहा है। शताब्दी वर्ष पर पौधारोपण इसी दिशा में स्मरणीय पहल है।

इस पौधारोपण कार्यक्रम में सोना प्रताप सोना, सत्यवीर प्रताप, दीपशिखा, स्वर्ण लता स्वर्ण, प्रीति कुमारी, कुंदन प्रताप कुंदन, गुड़िया कुमारी, सोनी कुमारी और राम बिलास शाण्डिल्य सहित स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता है। शताब्दी वर्ष में वृक्षारोपण जैसे प्रयास समाज और प्रकृति दोनों के लिए स्थायी योगदान साबित होंगे।