पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण भारती ने दिया मतदान का संदेश, लगाए फलदार पौधे

  • Post By Admin on Nov 10 2025
पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण भारती ने दिया मतदान का संदेश, लगाए फलदार पौधे

जमुई : राज्य में 11 नवम्बर 2025 को होने वाले बिहार के राष्ट्रीय महापर्व — मतदान को लेकर जन-जागरूकता अभियान के तहत पर्यावरण भारती की ओर से विशेष पहल की गई। “पहले मतदान फिर जलपान” के नारे के साथ संस्था ने बोधवन तालाब परिसर में फलदार वृक्षों — आँवला, जामुन और अमरूद — के तीन पौधे लगाए।

इस पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी कृष्ण बल्लभ प्रसाद ने किया। कार्यक्रम में पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक तथा अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहाँ लोकतंत्र की जड़ें वैशाली के लिच्छवी गणराज्य में पनपी थीं। उन्होंने कहा — “लोकतंत्र जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा शासन है। इसलिए हर नागरिक का मतदान करना न केवल अधिकार है, बल्कि यह एक पुनीत कर्तव्य भी है।”

शाण्डिल्य ने नागरिकों से अपील की कि वे 11 नवम्बर को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और “पहले मतदान फिर जलपान” के संकल्प को निभाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग मतदान नहीं करते, उन्हें चुनी हुई सरकार पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

मतदान जागरूकता को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कृष्ण बल्लभ चन्द्रवंशी, जीवेश रंजन गुप्ता, अनीश सिन्हा, अश्विन सिन्हा, मानव कुमार, रौनक यादव, प्रिंस यादव, दीपक कुमार और अक्षत राज सहित कई सदस्य उपस्थित थे।