प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह आज आएंगे मोतिहारी

  • Post By Admin on Feb 22 2025
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह आज आएंगे मोतिहारी

पूर्वी चंपारण : बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह एक दिवसीय चंपारण दौरे पर शनिवार को मोतिहारी आएंगे। जिला मुख्यालय मोतिहारी के बंजरिया पंडाल स्थित कांग्रेस कार्यालय में डॉ. सिंह का आगमन शनिवार को 2 बजे दिन में होगा। 

इसकी जानकारी देते हुए पूर्वी चंपारण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ई. शशि भूषण राय उर्फ गप्पू राय ने बताया कि इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। ई. गप्पू राय ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए यह बेहतर अवसर है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाना और कार्यकर्ताओं के बीच एकता को बढ़ावा देना है। 

जिलाध्यक्ष के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सिंह संगठन की मजबूती के साथ ही आगामी बिहार विधानसभा के चुनाव और सामाजिक मुद्दों पर भी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पार्टी के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से उक्त समय पर जिला कार्यालय पहुंचने को कहा है।