केसरिया महोत्सव : सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों की रही धूम

  • Post By Admin on Feb 22 2025
केसरिया महोत्सव : सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों की रही धूम

पूर्वी चंपारण : तीन दिवसीय केसरिया महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार की सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों की धूम रही। क्षेत्रीय कलाकारों ने केसरिया महोत्सव के मंच से गीत व नृत्य की बेहतरीन प्रस्तुति दी। बाल कलाकार प्रिया प्रकाश ने अपने कथक नृत्य से दर्शकों को खूब झुमाया। नमामि नमामि शिव चरणम वंदनम् पर प्रिया ने नृत्य प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक व सामाजिक संस्था विविध कला विकास समिति नयागांव पानशाला से जुड़े कलाकारों ने नृत्य की प्रस्तुति दी। 

समिति की कलाकार प्रिया कुमारी ने लोकगीत पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं सूरज कुमार, रिजवाना खातुन, सुफैदा खातुन, मुस्कान कुमारी व सपना कुमारी के द्वारा असम के प्रसिद्घ बीहू नृत्य की बेहतरीन प्रस्तुति दी गई। संस्था के अध्यक्ष आलम मोहम्मद व निर्देशक रंजन कुमार की देखरेख में कलाकरों ने प्रस्तुति दी। 

वहीं चंपारण के मशहूर युवा भोजपुरी गायक विनोद बेदर्दी ने हर करम अपना करेंगे ये वतन तेरे लिए..... गाकर महोत्सव के पंडाल में देश भक्ति की धारा बहा दी। विनोद ने सारे जहां से अच्छा हिंदोस्ता हमारा..... गाकर शमा बांध दिया। विनोद बेदर्दी ने जब अपने अंदाज में होली गीत बाबा केसरनाथ खेलें केसरिया में होली...... गाकर दर्शकों को खूब झूमाया। वहीं अनु प्रिया के गीत दमा दम मस्त कलंदर अली दा पहला नंबर पर दर्शकों ने खूब ताली बजाई। विदुषी आनंद ओझा द्वारा प्रस्तुत भाव नृत्य को भी दर्शकों ने खूब सराहा।