पटना बनेगा ग्लोबल बिजनेस हब, बिहार सरकार ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर निर्माण को दी मंजूरी
- Post By Admin on Aug 14 2026
पटना : बिहार सरकार ने राजधानी पटना को आधुनिक और वैश्विक स्तर के शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को घोषणा की कि पटना में विश्व व्यापार केंद्र (वर्ल्ड ट्रेड सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही शहर में उपलब्ध विभिन्न सरकारी भूमि खंडों के पुनर्विकास की योजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में पटना की विभिन्न पुनर्विकास परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनबीसीसी) ने पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। एनबीसीसी ने बिहार म्यूजियम, नेहरू पथ के सामने स्थित भूमि, गर्दनीबाग, भूतनाथ सेक्टर-6 तथा बोरिंग कैनाल रोड के सरकारी भूखंडों के पुनर्विकास से संबंधित प्रस्तावों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए पटना के सुनियोजित विकास, सरकारी जमीनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकारी भूमि खंडों के पुनर्विकास की कार्ययोजना राज्य के लिए महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। उन्होंने पुराने और जर्जर सरकारी भवनों के स्थान पर आवश्यकता के अनुरूप नए भवनों के निर्माण तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त संरचनाओं के विकास पर जोर दिया। सरकार के अनुसार, प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 4,000 करोड़ रुपए के निवेश की संभावना है। वहीं, इन योजनाओं से करीब 8,000 करोड़ रुपए के राजस्व सृजन का अनुमान लगाया गया है। माना जा रहा है कि वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के निर्माण से पटना को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक गतिविधियों का नया केंद्र बनाने में मदद मिलेगी।
बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया और परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की रूपरेखा प्रस्तुत की। बिहार सरकार का मानना है कि इन योजनाओं से राजधानी की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और निवेश तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।