विश्व हाथ स्वच्छता दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण

  • Post By Admin on May 05 2025
विश्व हाथ स्वच्छता दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण

जमुई : विश्व हाथ स्वच्छता दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा मातृत्व सेवा सदन परिसर, एकलव्य कॉलेज रोड, जमुई में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कनेल फूल के 11 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण नारी शक्ति प्रांत टोली की सदस्या एवं प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी सिंह ने किया।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए कहा कि "हर व्यक्ति को अपने घर के आसपास कम से कम 10 पेड़ जरूर लगाने चाहिए। इससे न केवल प्राकृतिक ऑक्सीजन प्राप्त होती है, बल्कि ग्लोबल वार्मिंग जैसे खतरों से भी राहत मिलती है।"

डॉ. शालिनी सिंह ने विश्व हाथ स्वच्छता दिवस की जानकारी देते हुए बताया कि इसकी शुरुआत 5 मई 2009 को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य लोगों को हाथों की स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि हमारे दैनिक जीवन में भोजन पकाने, खाने, साफ-सफाई करने और मोबाइल के उपयोग में हाथों की भूमिका अत्यधिक होती है, जिससे संक्रमण का खतरा बना रहता है।

उन्होंने कहा, "कोरोना वायरस महामारी के दौरान भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी हाथ धोने की आदत को प्राथमिकता दी थी। अतः आज हमें यह संकल्प लेना चाहिए—भोजन से पहले और साफ-सफाई के बाद हाथों को साबुन से धोना चाहिए, सार्वजनिक स्थानों पर दस्तानों का प्रयोग करना चाहिए, जिससे हम अनेक बीमारियों से बच सकते हैं।"

पौधारोपण कार्यक्रम में डॉक्टर वीणा सिंह, डॉक्टर शालिनी सिंह, राम बिलास शाण्डिल्य, रानी हेम्ब्रम, पूजा कुमारी, सोनी कुमारी और पवन कुमार समेत कई लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाना था।