विश्व गोरिल्ला दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण

  • Post By Admin on Sep 24 2025
विश्व गोरिल्ला दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण

जमुई : जयशंकर नगर, बोधवन तालाब में पर्यावरण भारती ने विश्व गोरिल्ला दिवस के अवसर पर आँवला, कदम्ब और सागवान के पांच पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी प्रिंस कुमार यादव ने किया।

पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा, "पर्यावरण 5 ‘ज’ से बना है – जल, जमीन, जंगल, जानवर और जन (मानव)। जैव विविधता का संरक्षण हमारे लिए अत्यंत आवश्यक है।" उन्होंने बताया कि गोरिल्ला के संरक्षण हेतु संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 24 सितंबर को विश्व गोरिल्ला दिवस के रूप में मनाया जाता है।

राम बिलास शाण्डिल्य ने गोरिल्ला संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 24 सितंबर 1967 को प्रख्यात जीव वैज्ञानिक डायन फॉसी ने अफ्रीका में खांडा पर्वतीय वनों में गोरिल्ला रिसर्च सेंटर की स्थापना की थी। उनकी इसी विरासत को याद करते हुए 2017 में पहली बार विश्व गोरिल्ला दिवस मनाया गया। इस दिवस का उद्देश्य मानव समाज को गोरिल्ला और उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने बताया कि गोरिल्ला शाकाहारी प्राणी हैं और फल, पत्तियाँ, तने और बाँस खाकर जीवन यापन करते हैं। रात्रि में ये मानव की तरह पत्तियों और लकड़ियों से बने झोपड़ी में सोते हैं। लेकिन मानव जनसंख्या की वृद्धि और जंगलों की अंधाधुंध कटाई, साथ ही गोरिल्ला का अवैध शिकार, इनके जीवन पर गंभीर संकट पैदा कर रहा है। ऐसे में पौधारोपण जैसी गतिविधियाँ गोरिल्ला संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कदम हैं।

इस अवसर पर शिवानी कुमारी, प्रिंस कुमार यादव, रौनक यादव, राम बिलास शाण्डिल्य, अंकित पंडित, रवि रंजन, दिनेश यादव, अशोक यादव समेत अन्य ने भी भाग लिया।