पटना : राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर 4 मार्च को पर्यावरण भारती द्वारा शाखा मैदान परिसर, राजेन्द्र नगर में पौधारोपण किया गया। इसमें अमरूद, महुआ, सप्तपर्णी (छतवन), मीठा नीम (करी पत्ते) और पथरचूर जैसे पौधे लगाए गए। पौधारोपण का नेतृत्व पर्यावरण भारती के प्रांत प्रमुख अधिवक्ता कृष्ण मुरारी प्रसाद ने किया।
पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक और अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने प्राकृतिक आपदाओं के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में जलवायु परिवर्तन के कारण बर्फीली बारिश, भूस्खलन और अन्य आपदाएं बढ़ी हैं। इनसे निपटने के लिए वृक्षारोपण अभियान आवश्यक है।
राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि 1966 से 4 मार्च को यह दिवस मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नागरिक, सीमा सुरक्षा और मानव स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष की थीम “विकसित भारत के लिए सुरक्षा एवं मानव कल्याण महत्वपूर्ण है” है।
पौधारोपण अभियान में अधिवक्ता कृष्ण मुरारी प्रसाद, जल उपक्रम के प्रांत प्रमुख रणधीर कुमार सिन्हा, पोलिथीन उपक्रम के सह प्रांत प्रमुख नीरज नयन, राम बिलास शाण्डिल्य, रेयान अनवर, कानन कुंज, राधे श्याम, अजय कुमार सिंह, नागेन्द्र कुमार, रोहित कुमार आदि ने सक्रिय भागीदारी निभाई।




















