पुरखा पुरनिया संवाद सह सम्मान का आयोजन

  • Post By Admin on Jul 07 2024
पुरखा पुरनिया संवाद सह सम्मान का आयोजन

मुजफ्फरपुर : सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान द्वारा अहिल्या राम प्रवेश पगधूली स्कूल, एसकेएमसीएच में आज 'पुरखा पुरनिया संवाद सह सम्मान' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दिवंगत राम प्रवेश पंडित की स्मृतियों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य सुरसंड, सीतामढ़ी के श्री विमलेश किंकर ने की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्री विमलेश किंकर ने कहा कि पूर्वजों की आत्मा हमारे साथ होती है और उन्हें याद कर हम स्वयं सम्मानित होते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूर्वजों को याद करना और सम्मान देना हमारी जिम्मेदारी है।

कठपुतली कलाकार और संस्थान के संयोजक सुनील सरला ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य संस्कृति, आचार-विचार और इतिहास की समझ को बढ़ाना और युवाओं के बीच आत्मिक विकास को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर के विभिन्न स्थलों पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि बच्चों और युवाओं को पूर्वजों के योगदान का बोध कराया जा सके।

परफेक्ट सोल्यूशन सोसाइटी के सचिव अनिल कुमार ठाकुर ने कहा, "हमारे पूर्वजों की धरोहर को संरक्षित करना हमारी जिम्मेदारी है। हर वर्ष उन्हें याद करना और सम्मानित करना हमें उनकी विरासत के प्रति जागरूक करता है।"

इस अवसर पर विमलेश किंकर, अश्वनी कुमार, कठपुतली कलाकार सुनील सरला, राजीव साह, अनिल कुमार ठाकुर, माया देवी, उदय कुमार निरंजन ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन स्कूल के संचालक और कवि अभय कुमार शब्द ने किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता और पूर्वजों को याद करना हमारे जीवन में सकारात्मकता लाता है और हमें अपने जड़ों से जोड़े रखता है। इस अवसर पर उपस्थित विशिष्टजन में प्रमुख अतिथि विमलेश किंकर, अश्वनी कुमार (समस्तीपुर), कठपुतली कलाकार सुनील सरला, राजीव साह, अनिल कुमार ठाकुर, माया देवी, उदय कुमार निरंजन शामिल रहें।  कार्यक्रम का संचालन अभय कुमार द्वारा किया गया जिन्होंने अपने विचारों से उपस्थित जनों को प्रेरित किया।