विश्व हाथी दिवस पर पर्यावरण भारती द्वारा देव वृक्ष पीपल का पौधारोपण
- Post By Admin on Aug 12 2025
 
                    
                    जमुई : विश्व हाथी दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती ने महिसौरी स्थित जय शगुन वाटिका में देव वृक्ष पीपल का पौधारोपण किया। इस पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी शिक्षक भास्कर बर्णवाल ने किया।
पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए जल, जमीन, जंगल, जानवर और मानव – ये पाँचों तत्व अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि बढ़ती मानव जनसंख्या के कारण जंगलों की कटाई हो रही है, जिससे हाथी जैसे वन्य जीवों का मानव बसावट के करीब आना सामान्य हो गया है। हाथी मानव के मित्र और सहयोगी हैं, लेकिन उनके आवासों के कम होने से मानव-हाथी संघर्ष बढ़ रहा है।
राम बिलास शाण्डिल्य ने याद दिलाया कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने 12 अगस्त 2012 को पहली बार विश्व हाथी दिवस मनाना प्रारंभ किया, जिसका उद्देश्य हाथियों के अवैध शिकार, उनके आवासों की कटाई रोकना तथा मानव-हाथी संघर्ष के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। भारत में लगभग 27,312 हाथी निवास करते हैं और भारतीय संस्कृति में भगवान गणेश के कारण हाथी का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है।
मुंगेर विभाग संघचालक कुञ्ज बिहारी बंका ने बताया कि पीपल का देव वृक्ष 24 घंटे प्राकृतिक ऑक्सीजन देता है और इसलिए इसे मानव जीवन के लिए पवित्र माना जाता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे कम से कम एक पीपल का पौधा अपने घर या आस-पास लगाएं और इसे देव वृक्ष के रूप में सम्मान दें।
पौधारोपण कार्यक्रम में कुञ्ज बिहारी बंका, भास्कर बर्णवाल, बबलू कुमार बर्णवाल, विनोद कुमार सिंह, अधिवक्ता रविन्द्र कुमार, प्रोफेसर बलवंत कुमार सिंह, राम बिलास शाण्डिल्य, श्रेष्ठ कुमार सिंह, नगर संघचालक फकीरा साह, पर्यावरण प्रहरी अभिषेक राज, प्रिंस कुमार भगत, नीलेश कुमार, शिवम कुमार उपाध्याय सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास किया गया।