कचड़ा उठाने वाली गाड़ी ही फैला रही कचड़ा, नगर निगम बेसुध

  • Post By Admin on Apr 08 2024
कचड़ा उठाने वाली गाड़ी ही फैला रही कचड़ा, नगर निगम बेसुध

मुजफ्फरपुर : "गाड़ी वाला आया घर से कचड़ा निकाल" यह पंक्ति नगर निगम क्षेत्र के बाशिंदे सुबह-सुबह ही सुनते हैं। यह गाना नगर निगम द्वारा शहर में घुमाए जाने वाले कचड़ा गाड़ी में बजता है। कचड़ा गाड़ी का मकसद था शहर से कचड़ा उठा कर डंपिंग ग्राउंड में फेंकने का। परंतु इसके ठीक विपरीत नगर निगम की यह गाड़ी लोगों के घर से कचड़ा उठाती तो है लेकिन ये कचड़ा डंपिंग ग्राउंड पहुंचने से पहले ही शहर की सड़कों पर बिखरे नजर आते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि नगर निगम कर्मचारी निगम के नियमों के इतर अपने नियम बनाते हैं और उसी का पालन भी करते हैं। नगर निगम के अनुसार कूड़ा को ढक कर डंपिंग ग्राउंड तक लेकर जाना होता है मगर नगर निगम कर्मचारियों द्वारा इसका पालन नहीं किया जाता है। जिसकी वजह से कचड़ा सड़क पर गिरकर फैलता है। इतना ही नहीं रास्ते में इस गाड़ी के पीछे चल रहे राहगीरों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। क्योंकि खुले में गिरने वाले कचड़े उनके गाड़ी या शरीर पर भी गिर जाते हैं। 

संवाददाता से बातचीत में कुछ स्थानीय राहगीर और दुकानदारों ने बताया कि इस समस्या पर नगर निगम का रवैया काफी उदासीन रहा है। शिकायत करने के बावजूद भी निगम द्वारा कोई भी उचित कार्यवाही नहीं की जाती है। एक तो स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जगह जगह शहर में खुदाई की वजह से उड़ती धूल मिट्टी की वजह से शहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। ऊपर से कचड़ा गाड़ी भी कचड़ा इधर उधर गिरा कर दुर्गंध फैलाए रहता है। निगम को इस दिशा में उपयुक्त कार्यवाही करनी चाहिए। कचड़ा गाड़ी को ढक कर नहीं ले जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाई होनी चाहिए।