मोतिहारी : पकड़ीदयाल सिनेमा हॉल रोड स्थित न्यूक्लियस केमिस्ट्री की छात्रा मुनिता कुमारी ने इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रौशन किया है। मुनिता ने विज्ञान संकाय में कुल 500 अंकों में से 445 अंक प्राप्त कर पकड़ीदयाल अनुमंडल में टॉप किया है।

खास बात यह रही कि केमिस्ट्री में मुनिता ने 96 अंक अर्जित किए, जिससे न्यूक्लियस केमिस्ट्री के संचालक सुनील सर समेत पूरे संस्थान में खुशी की लहर दौड़ गई। मुनिता की इस उपलब्धि से न केवल उनके माता-पिता बल्कि पूरा पकड़ीदयाल गर्व महसूस कर रहा है। मुनिता की सफलता पर न्यूक्लियस केमिस्ट्री के संचालक सुनील सर ने कहा कि "मुनिता ने हमारे संस्थान का मान बढ़ाया है। उसकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि वह आज जिले में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।"

मुनिता को इस शानदार सफलता के लिए कई गणमान्य व्यक्तियों ने शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया है। मुनिता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और न्यूक्लियस केमिस्ट्री के मार्गदर्शन को दिया है। मुनिता ने कहा कि आगे वह विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूना चाहती हैं और जिले का नाम रोशन करना चाहती हैं।