मणिपुर को 1,200 करोड़ की विकास सौगात, पीएम बोले– मणिपुर मां भारती का मुकुट रत्न

  • Post By Admin on Sep 13 2025
मणिपुर को 1,200 करोड़ की विकास सौगात, पीएम बोले– मणिपुर मां भारती का मुकुट रत्न

इंफाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इंफाल में 1,200 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए मणिपुर को मां भारती के मुकुट पर सजा मुकुट रत्न बताया। उन्होंने कहा कि मणिपुर की विकासवादी छवि को लगातार मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मणिपुर में किसी भी तरह की हिंसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह न केवल हमारे पूर्वजों बल्कि आने वाली पीढ़ियों के साथ भी बड़ा अन्याय है। इसलिए राज्य को शांति और विकास की राह पर निरंतर आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने याद दिलाया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने मणिपुर को भारत की आजादी का द्वार कहा था और इस मिट्टी ने अनेक वीर बलिदान दिए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नई परियोजनाएं मणिपुर के लोगों के जीवन की सुगमता बढ़ाएंगी, इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेंगी और रोजगार के अवसर पैदा करेंगी। उन्होंने बताया कि इंफाल में शुरू हुई दो प्रमुख योजनाएं – मणिपुर शहरी सड़क परियोजना (3,600 करोड़ रुपए) और मणिपुर इन्फोटेक विकास परियोजना (500 करोड़ रुपए) राज्य के भविष्य को नई दिशा देंगी।

पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत की है, इसलिए मणिपुर को विकास की प्राथमिकताओं में हमेशा आगे रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि 2014 से पहले जहां मणिपुर की विकास दर 1 प्रतिशत से भी कम थी, वहीं अब यह तेजी से बढ़ रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार संवेदनशीलता के साथ मणिपुर के लोगों की कठिनाइयों को दूर करने के प्रयास कर रही है। राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की समस्या को देखते हुए विशेष परियोजनाओं पर काम चल रहा है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।