मणिपुर : सुरक्षा बलों ने पांच उग्रवादियों को किया गिरफ्तार, हथियार और रेडियो सेट बरामद
- Post By Admin on Jun 14 2025

इम्फाल : मणिपुर में उग्रवाद के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को विभिन्न जिलों से पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इन पर जबरन वसूली और अवैध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार और बड़ी मात्रा में संचार उपकरण भी बरामद किए हैं।
मणिपुर पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए उग्रवादी विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हैं। इनमें ककचिंग जिले के लैंगमीडोंग मनीग लाइकाई से यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलेपाक (UPPK) का सदस्य अकोइजम रॉबिन्सन (51) पकड़ा गया है। उस पर इम्फाल क्षेत्र के स्कूलों से जबरन पैसे वसूलने का आरोप है। पुलिस ने उसके पास से एक .32 बोर की पिस्तौल बरामद की है।
थौबल जिले में थौबल मेलग्राउंड से प्रतिबंधित संगठन कांगलेपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नयन) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, टेन्गनूपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा से सटे शांगटोंग इलाके से प्रीपैक (प्रो) और प्रीपैक के एक-एक सदस्य को भी पकड़ा गया है। ये सभी संगठन राज्य में उग्रवादी गतिविधियों और अलगाववाद से जुड़े हैं।
इसके अलावा, इम्फाल वेस्ट जिले के लैंगोल गेम गांव से केसीपी (पीडब्लूजी) के एक सक्रिय सदस्य को हिरासत में लिया गया है। सभी गिरफ्तारियों को लेकर स्थानीय पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूछताछ जारी है।
सुरक्षा बलों ने इम्फाल ईस्ट जिले के बरूनी हिल क्षेत्र के खालोंग इलाके में सर्च अभियान चलाकर उग्रवादियों द्वारा उपयोग में लाए जा रहे संचार उपकरणों की बड़ी खेप भी बरामद की है। बरामद सामान में तीन वाहन रेडियो सेट, 13 वायरलेस हैंडहेल्ड रेडियो, सात एंटीना, एक सोलर चार्जर कनवर्टर, तीन सोलर पैनल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। आशंका है कि इनका इस्तेमाल उग्रवादियों द्वारा आपसी संपर्क के लिए किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्यवाही राज्य में उग्रवादी संगठनों की सक्रियता को एक बड़ा झटका देने वाली है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और सुरक्षा बल शांति बहाली के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और ऐसे किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा जो स्थानीय लोगों को डराने, धमकाने और जबरन वसूली जैसे अपराधों में लिप्त हैं। उग्रवाद के खिलाफ यह अभियान और भी तेज किया जाएगा।