समर्पित शिक्षकीय जीवन की पूर्णता, प्रधानाध्यापक धनेश्वर कुमार हुए सेवानिवृत्त

  • Post By Admin on Feb 28 2026
समर्पित शिक्षकीय जीवन की पूर्णता, प्रधानाध्यापक धनेश्वर कुमार हुए सेवानिवृत्त

मुजफ्फरपुर: सेवा निवृत्ति किसी भी शिक्षक के जीवन का वह महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जब वर्षों की साधना, समर्पण और कर्मनिष्ठा एक प्रेरक विरासत के रूप में सामने आती है। मध्य विद्यालय पकड़ी बर्खरदार, बोचहां के प्रधानाध्यापक श्री धनेश्वर कुमार 28 फरवरी 2026 को अपनी दीर्घ शिक्षकीय सेवा पूर्ण कर औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लोगों ने उनके योगदान को श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया।

श्री धनेश्वर कुमार ने शिक्षा को महज नौकरी नहीं, बल्कि एक सामाजिक दायित्व और साधना के रूप में निभाया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उनका दृष्टिकोण हमेशा सकारात्मक और दूरदर्शी रहा। अनुशासन, सादगी और कार्य के प्रति निष्ठा उनके व्यक्तित्व की विशेष पहचान रही। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ संस्कार आधारित शिक्षा की भी मिसाल कायम की। सहकर्मियों के साथ उनका व्यवहार सदैव सहयोगपूर्ण रहा, जबकि विद्यार्थियों के प्रति उनका स्नेह और मार्गदर्शन उन्हें एक आदर्श शिक्षक के रूप में स्थापित करता है। उनके निर्देशन में अनेक छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। विद्यालय प्रशासन को सुदृढ़ करने और शैक्षिक वातावरण को सकारात्मक बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।

सेवा निवृत्ति के इस अवसर पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। यह विश्वास व्यक्त किया गया कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन आगे भी समाज और शिक्षा जगत को दिशा देता रहेगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के बोचहां अध्य्क्ष शशि सिद्धेश्वर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव सम्मान और प्रेरणा के साथ याद किया जाएगा।