शिक्षा, शोध और नवाचार के नए केंद्र के रूप में उभर रहा आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय

  • Post By Admin on Aug 22 2026
शिक्षा, शोध और नवाचार के नए केंद्र के रूप में उभर रहा आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय

पटना: जनवरी 2024 से आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना में शिक्षा, शोध, नवाचार, कौशल विकास, डिजिटल गवर्नेंस और उद्योग-अकादमिक सहयोग के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। कुलपति प्रो. (डॉ.) शरद कुमार यादव के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में नए स्कूल, पाठ्यक्रम और शोध केंद्र विकसित किए गए हैं। इन पहलों के जरिए विद्यार्थियों को आधुनिक, रोजगारोन्मुख और शोध आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

विश्वविद्यालय में सभी स्कूलों के शैक्षणिक मार्गदर्शन के लिए शैक्षणिक सलाहकार समिति का गठन किया गया है। पत्रकारिता एवं जनसंचार, भूगोल, नदी अध्ययन, पाटलिपुत्र स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, स्टेम सेल टेक्नोलॉजी, खगोल विज्ञान और दर्शनशास्त्र से जुड़े केंद्रों को स्कूल के रूप में विकसित कर पठन-पाठन और शोध कार्य शुरू किए गए हैं। इसके अलावा कानून एवं विधि विज्ञान, प्रबंधन अध्ययन तथा शहरी नीति एवं सुशासन के लिए नए केंद्र स्थापित किए गए हैं। शहरी नीति एवं सुशासन केंद्र को बिहार में अपनी तरह की महत्वपूर्ण अकादमिक पहल माना जा रहा है।अकादमिक विस्तार के तहत नैनोसाइंस एवं नैनोटेक्नोलॉजी, नदी विज्ञान, जल संसाधन अभियांत्रिकी, जीआईएस एवं रिमोट सेंसिंग, अंतरिक्ष विज्ञान एवं खगोल विज्ञान, प्रबंधन, अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, पत्रकारिता एवं संचार तथा भूगोल जैसे विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। फिल्म निर्माण, फोटोग्राफी, डिजिटल एवं ऑनलाइन पत्रकारिता, मीडिया लेखन तथा स्टेम सेल जीवविज्ञान एवं पुनर्योजी चिकित्सा जैसे रोजगार और शोध आधारित पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किए गए हैं। नैनोसाइंस के क्षेत्र में दो पेटेंट का प्रकाशन विश्वविद्यालय की शोध गतिविधियों को दर्शाता है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों को लागू करते हुए विश्वविद्यालय ने पाठ्यक्रमों को भी अद्यतन किया है। शोध को संस्थागत स्तर पर मजबूत करने के लिए रिसर्च कंसोर्टियम का गठन किया गया है। इसके साथ ही इनक्यूबेशन सेंटर, प्लेसमेंट सेल, आधुनिक केंद्रीय पुस्तकालय और आईटी सेल के विकास की दिशा में भी काम किया गया है। समर्थ प्रणाली के माध्यम से ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने के साथ अकादमिक एवं परीक्षा कैलेंडर, गुणवत्ता आश्वासन और संस्थागत बेंचमार्किंग पर भी जोर दिया गया है। शोध और अकादमिक सहयोग को बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय ने आईआईटी पटना, आईजीआईएमएस, राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान, एनआईईएलआईटी, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, चंद्रगुप्त प्रबंध संस्थान, अमिटी विश्वविद्यालय, डीवाई पाटिल इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय और जेपी विश्वविद्यालय समेत कई राष्ट्रीय संस्थानों एवं उद्योगों के साथ समझौते किए हैं।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा साइंस, मशीन लर्निंग, ड्रोन तकनीक, रोबोटिक्स, नैनोटेक्नोलॉजी, स्टेम सेल विज्ञान और अंतरिक्ष शिक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाया गया है। वर्ष 2026 में पायथन प्रोग्रामिंग और व्यावसायिक अनुप्रयोगों में जनरेटिव एआई को लेकर भी समझौता किया गया है।विश्वविद्यालय ने बिहार में आर्यभट्ट स्पेस क्लब की स्थापना की दिशा में भी पहल की है। स्कूल ऑफ एस्ट्रोनॉमी के संचालन को लेकर कार्यशालाएं आयोजित की गईं। सर्वे ऑफ इंडिया और सैटकॉम इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सहित विभिन्न संस्थानों के साथ सहयोग विकसित किया गया है। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने के साथ कौशल विकास और उद्योगोन्मुख शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। भूगोल विभाग और बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के सहयोग से करीब 900 विद्यार्थियों को भू-सर्वेक्षण से संबंधित उन्नत प्रशिक्षण दिया गया। इससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक और तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में विश्वविद्यालय की पहल को बल मिला है।

विश्वविद्यालय की अकादमिक गतिविधियों का विस्तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हुआ है। जापान जाने वाले भारतीय कुलपतियों के प्रतिनिधिमंडल और ब्रिटेन जाने वाले अंतर-विश्वविद्यालय सहयोग प्रतिनिधिमंडल में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व हुआ। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के ईस्ट जोन वाइस चांसलर मीट की मेजबानी भी विश्वविद्यालय में की गई, जिसमें करीब 100 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने भाग लिया। एआईयू की ओर से अकादमिक एवं प्रशासनिक विकास केंद्र की स्थापना को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। कुलपति प्रो. (डॉ.) शरद कुमार यादव के नेतृत्व में आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय का फोकस शिक्षा को शोध, कौशल, तकनीक, उद्योग और समाज की जरूरतों से जोड़ने पर है। साइबर सुरक्षा, सामाजिक व्यवहार परिवर्तन, शहरी नीति, अंतरिक्ष विज्ञान, स्टेम सेल, नैनोटेक्नोलॉजी और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों में शुरू की गई पहलें विश्वविद्यालय को पारंपरिक शिक्षा संस्थान से आगे बढ़ाकर शोध एवं नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।