राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर लखीसराय में समीक्षा बैठक, 3753 वाद किए गए चिन्हित
- Post By Admin on Aug 22 2026
लखीसराय : 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के प्रकोष्ठ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लखीसराय सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम ने की।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अब तक की गई तैयारियों और चिन्हित वादों की स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण के लिए अब तक कुल 3753 वाद अभिलेख चिन्हित किए जा चुके हैं। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक मामलों में प्री-सीटिंग की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही संबंधित पक्षकारों को बुलाकर आपसी सहमति से मामलों के निस्तारण का प्रयास करने और अधिक से अधिक वादों का निष्पादन कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए पक्षकारों को समय पर सूचना उपलब्ध कराई जाए। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लखीसराय विधानंद सागर को निर्देशित किया गया कि जिन मामलों में नोटिस जारी करने की आवश्यकता हो, वहां संबंधित मांग प्राप्त होने पर तत्काल नोटिस कराया जाए।
बैठक में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम रजनी कुमारी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय सीमा भारतीय, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय शुभ नंदन झा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश षष्ठम (पॉक्सो) श्वेता वर्मा, अन्य जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, सब जज प्रथम रंजीत कुमार सोनू तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार विधानंद सागर मौजूद रहे।