कम लागत और बेहतर उत्पादन पर जोर, किसान पाठशाला में भिंडी-करेला की खेती का प्रशिक्षण

  • Post By Admin on Aug 22 2026
कम लागत और बेहतर उत्पादन पर जोर, किसान पाठशाला में भिंडी-करेला की खेती का प्रशिक्षण

लखीसराय : किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से आत्मा, लखीसराय की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में किसान पाठशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 20 और 21 अगस्त को चयनित किसानों के खेतों पर किसान पाठशाला के द्वितीय सत्र का आयोजन किया गया।

दूसरे सत्र में किसानों को विशेष रूप से भिंडी और करेला की वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान कृषि विशेषज्ञों एवं संबंधित कर्मियों ने किसानों के खेतों का निरीक्षण कर फसलों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और मौके पर ही आवश्यक तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई। प्रशिक्षण में उन्नत किस्मों के चयन से लेकर बीज एवं भूमि प्रबंधन, पौधों के बीच उचित दूरी, संतुलित उर्वरक के इस्तेमाल, सिंचाई व्यवस्था और खरपतवार नियंत्रण की जानकारी दी गई। इसके साथ ही भिंडी और करेला की फसलों में होने वाले कीट एवं रोगों की पहचान तथा उनके वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में भी किसानों को बताया गया।

किसानों को सलाह दी गई कि वे नियमित रूप से अपनी फसलों का निरीक्षण करें और आवश्यकता के अनुसार वैज्ञानिक सलाह लेकर कृषि कार्य करें। इससे फसल में होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है और उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है। आत्मा, लखीसराय का उद्देश्य किसान पाठशाला के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचाना है। विभाग के अनुसार, वैज्ञानिक तरीके से सब्जियों की खेती अपनाने से उत्पादन लागत कम करने, उपज एवं गुणवत्ता बढ़ाने के साथ किसानों की आय में सुधार करने में मदद मिलेगी।