लखीसराय में 28 अगस्त से 30 नवंबर तक चलेगा विशेष NCD और एनीमिया मुक्त भारत महा अभियान
- Post By Admin on Aug 22 2026
लखीसराय : जिले में गैर संचारी रोगों और खून की कमी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग 28 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक एक व्यापक महा अभियान शुरू करने जा रहा है। तीन महीने से अधिक समय तक चलने वाले इस ऐतिहासिक अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक मुफ्त स्वास्थ्य जांच, इलाज और जागरूकता पहुंचाना है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की निगरानी के लिए कड़े लक्ष्य तय किए हैं, जिसके तहत प्रत्येक प्रखंड में प्रतिदिन न्यूनतम 250 लोगों की एनीमिया जांच अनिवार्य की गई है। जांच के सभी आंकड़ों और मरीजों की रिपोर्ट को रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए डिजिटल रूप से यू विन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और निरंतरता बनी रहे।
इस अभियान के तहत आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी नागरिकों की गैर संचारी बीमारियों की जांच की जाएगी। इसके लिए ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके जरिए मुख्य रूप से उच्च रक्तचाप, मधुमेह और सामान्य कैंसर की मुफ्त जांच की जाएगी। वहीं बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं में खून की कमी की पहचान के लिए विशेष डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर से ऑन स्पॉट जांच की जाएगी।
जांच के दौरान जिन मरीजों में बीमारी के लक्षण पाए जाएंगे, उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल के NCD क्लीनिक में रेफर कर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मुफ्त इलाज और दवाएं दी जाएंगी। विशेष तौर पर जिन लाभार्थियों का हीमोग्लोबिन स्तर 9 ग्राम से कम पाया जाएगा, उन्हें गंभीर एनीमिया से पीड़ित मानकर अस्पतालों में विशेष चिकित्सा प्रबंधन के तहत रखा जाएगा। ऐसी गर्भवती महिलाओं को हीमोग्लोबिन स्तर में तेजी से सुधार के लिए एफसीएम यानी फेरिक कार्बोक्सी माल्टोज की सुई भी बिल्कुल मुफ्त लगाई जाएगी ताकि उन्हें बार-बार अस्पताल के चक्कर न काटने पड़ें।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बीमारी छिपाने के बजाय सही समय पर जांच कराएं और इस निःशुल्क अभियान का हिस्सा बनकर एक स्वस्थ लखीसराय के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।