अवैध संबंध के शक में युवक की नृशंस हत्या, 24 घंटे में पति-पत्नी समेत चार गिरफ्तार
- Post By Admin on Aug 22 2026
लखीसराय : लखीसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कबैया थाना क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और उसके पति समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
20 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे कबैया पुलिस को मकूना पुल के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव की शिनाख्त बाईपास चौक यादव टोला निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई। घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेजा गया। परिजनों के आवेदन पर पुलिस ने कबैया थाना कांड संख्या 317/26 दर्ज कर जांच शुरू की।
लखीसराय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों को मोटरसाइकिल पर बोरे में शव ले जाते हुए देखा। तकनीकी अनुसंधान और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनम देवी और उसके पति निलेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा अपराधियों को शरण देने और छिपाने के आरोप में पंकज सिंह और रंजय कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक सचिन कुमार और मुख्य अभियुक्त सोनम देवी के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब सोनम के पति निलेश सिंह को इस बात की जानकारी हुई, तो उसने आक्रोशित होकर अपनी पत्नी और अन्य साथियों के साथ मिलकर सचिन कुमार की हत्या कर दी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सोनम देवी, निलेश सिंह, पंकज सिंह और रंजय कुमार शामिल हैं। इस पूरे मामले को सुलझाने और आरोपियों को पकड़ने में थानाध्यक्ष रणधीर कुमार, राजकुमार राम, दिलीप चौधरी, राजू प्रसाद, सशस्त्र बल और लखीसराय डीआईयू टीम की मुख्य भूमिका रही।