अमित मकरंद को मिला 'पर्यावरण संरक्षक सम्मान

  • Post By Admin on Jun 18 2024
अमित मकरंद को मिला 'पर्यावरण संरक्षक सम्मान

मुजफ्फरपुर : पीपल नीम तुलसी अभियान पटना द्वारा आयोजित पर्यावरण संरक्षण जन जागरूकता अभियान सह नुक्कड़ नाटक मंथन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में बिहार बाल भवन किलकारी, मुज़फ्फरपुर में अमित मकरंद को सम्मानित किया गया। अमित मकरंद, जो पेशे से पशु चिकित्सक और राम राज वेल्फेयर फाउंडेशन के संस्थापक हैं, हाजीपुर, वैशाली (बिहार) के निवासी हैं और पिछले 14 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं।

अमित मकरंद ने गांव-गांव जाकर वृक्षारोपण किया है और अब तक 20,000 से अधिक पौधे दान कर चुके हैं। वे इको-फ्रेंडली ईंधन, प्राकृतिक संसाधनों से धूप-बत्ती और पेपर के लिफाफे बनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहे हैं। उनका पूरा परिवार, मां, पत्नी और भाई सहित, अपने शरीर का दान करने का संकल्प ले चुके हैं ताकि उनके अंग जरूरतमंद लोगों की जान बचा सकें और मृत शरीर के जलने से पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे।

अमित मकरंद ने पीपल पदयात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण जन जागरूकता फैलाने के लिए हाजीपुर (वैशाली) से समस्तीपुर (विद्यापति धाम) तक 80 किलोमीटर, हाजीपुर से थावे गोपालगंज तक 134 किलोमीटर और हाजीपुर से अयोध्या धाम राम मंदिर (उत्तर प्रदेश) तक 474 किलोमीटर की यात्राएं की हैं।

इस कार्यक्रम में अमित मकरंद को सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी स्नेहा कुमारी द्वारा सम्मानित किया गया। अमित मकरंद को 'पर्यावरण संरक्षक सम्मान 2018', 'पद्मश्री डॉ. विजय कुमार साह पूर्व स्वास्थ्य सलाहकार भारत सरकार', 'वेस्ट सोशल एक्टिविस्ट अवार्ड 2020', 'पर्यावरण योद्धा सम्मान 2023', और 'राष्ट्रीय पर्यावरण मित्र सम्मान 2024 (प्रयागराज, उत्तर प्रदेश)' जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित अतिथियों में प्रगतिशील मानवाधिकार मानव सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रौशन कुमार, सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयोजक सुनील सरला, पर्यावरणविद डॉ. अमित, समाजसेवी ललीता देवी, अधिवक्ता वंदना प्रीतम, ट्री बॉय कन्हैया और अन्य प्रमुख व्यक्ति मौजूद थे। उन्होंने अमित मकरंद को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी स्नेहा कुमारी, प्रमंडल संसाधन सेवी नेहा कुमारी, और अन्य सम्मानित अतिथियों ने भी भाग लिया।