रामनवमी शोभा यात्रा का भव्य आयोजन, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

  • Post By Admin on Apr 06 2025
रामनवमी शोभा यात्रा का भव्य आयोजन, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

मुज़फ्फरपुर : रामनवमी के पावन अवसर पर सनातन विचार प्रसार मंच द्वारा शुक्रवार को गायघाट प्रखंड में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ निकली यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर रही। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नगर मंत्री आशुतोष कर्ण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कांटा ठाकुरबाड़ी में विधिवत पूजन कर शोभायात्रा की शुरुआत की। यात्रा छतनवारा चौक और सुस्ता होते हुए टोक गांव पहुंची, जहां मां दुर्गा की महाआरती के साथ इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में जय श्रीराम और धर्म रक्षा के नारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की भीड़, झांकियों की भव्यता और भक्ति संगीत ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन मंच के संस्थापक रोहित ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि कुछ छुटभैये नेताओं ने इस धार्मिक आयोजन को बाधित करने का प्रयास किया, लेकिन प्रभु श्रीराम की कृपा और गांववासियों की एकजुटता से यह शोभायात्रा निर्विघ्न संपन्न हुई। इस सफल आयोजन में प्रकाश यादव 'बबलू', कंचन ठाकुर, दीपक मिश्र 'बउआ', पुष्पेश रंजन ठाकुर, दीपू ठाकुर, अमरेंद्र सहनी, अंकित चौधरी, अभिषेक सुमन, दीपक ठाकुर, परमजीत राज 'बिरप्पन', उत्सव मिश्र, तुषार कर्ण 'चिक्की', प्रकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सनातन विचार प्रसार मंच ने समस्त श्रद्धालु ग्रामीणों, सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मियों और मंच के सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को और अधिक भव्य रूप देने का संकल्प लिया।