लोकसभा चुनाव 2024 : बिहार की 36 सीटों के लिए बीजेपी गंभीर

  • Post By Admin on Jan 20 2023
लोकसभा चुनाव 2024 : बिहार की 36 सीटों के लिए बीजेपी गंभीर

दरभंगा : 16-17 जनवरी को दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसके बाद अब राज्य स्तर पर कार्य समिति की बैठक होगी। 28-29 जनवरी को बिहार बीजेपी ने दरभंगा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक तय की है। प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने बताया कि इसके बाद जिलों और मंडलों की कार्यसमिति की बैठक होगी। दरभंगा में एम्स के निर्माण के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच अनबन चल रही है। संजय जायसवाल के मुताबिक दरभंगा एम्स निर्माण के लिए केंद्र सरकार की ओर से  पैसा रिलीज किया जा चुका है। परन्तु अब तक राज्य सरकार ने जमीन उपलब्ध नहीं कराया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार डर रहे हैं कि दरभंगा एम्स का निर्माण अगर हो गया तो उसका सारा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ना चला जाए। यही कारण है कि नीतीश कुमार ने बिहार में होने वाले विकास के काम को रोका हुआ है। संजय जायसवाल ने कहा कि  राज्य के मंत्री बिहार की संस्कृति और हिंदुओं के धर्मग्रंथ का अपमान कर रहे हैं। देश की संस्कृति को बदनाम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री बिहार के गौरव को जानते हैं इसलिए G-20 के शिखर सम्मेलन के लिए चयन किए गए देश के 56 शहरों में पटना को भी चुना गया। G-20 देशों के प्रतिनिधि जब पटना में पहुंचेंगे तो उन्हें बिहार की कला-संस्कृति से परिचय होगा।

संजय जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की जोड़ी बिहार को जंगलराज की और धकेल कर बर्बाद कर रही है। उनके मुताबिक़ नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव को बिहार के विकास और बिहार के लोगों की समस्या से मतलब नहीं है। इन लोगों का मकसद सिर्फ और सिर्फ सत्ता में बने रहकर अपना हित साधना है। नीतीश कुमार 2025 तक अपनी कुर्सी बचाते हुए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का झुनझुना पकड़ा दिया है। बिहार में जब भी विधानसभा चुनाव होंगे बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। इसके बाद बिहार में  विकास का नया दौर शुरू होगा।

जायसवाल ने कहा बीजेपी 2024 लोकसभा का चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। उपचुनाव में बीजेपी को मिली जीत की चर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी की गई थी। बिहार में बीजेपी के बढ़ते जनाधार को देखते हुए यह निर्णय किया गया है कि पार्टी अब अपने दम पर उतरेगी और 40 में से कम से कम 36 सीट जीतकर नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का काम करेगी। जब हम जेडीयू के साथ गठबंधन में थे तब 2019 के लोकसभा चुनाव में 17 सीटों पर चुनाव लड़े थे। 100 फीसदी का स्ट्राइक रेट दिया था। इस बार बीजेपी ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और कम से कम 36 सीटें हासिल करेगी।