भाकपा-माले ने 'बदलो बिहार महाजुटान रैली' की तैयारियों को दिया जोर, कई बड़े कार्यक्रमों की घोषणा

  • Post By Admin on Dec 17 2024
भाकपा-माले ने 'बदलो बिहार महाजुटान रैली' की तैयारियों को दिया जोर, कई बड़े कार्यक्रमों की घोषणा

मुजफ्फरपुर : भाकपा-माले मुजफ्फरपुर जिला कमिटी की बैठक में आगामी 9 मार्च 2025 को पटना में होने वाली ‘बदलो बिहार महाजुटान रैली’ की तैयारी के लिए विस्तृत योजना बनाई गई। इस रैली में ग्रामीण-शहरी गरीबों, श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं, बुद्धिजीवियों और समाज के अन्य वर्गों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। विशेष जोर विद्यालय रसोइयों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मियों, जीवीका दीदियों और मुस्लिम समुदाय के लोगों को गोलबंद करने पर दिया जाएगा।  

जनवरी के तीसरे सप्ताह में मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों के लोगों को लेकर एक जनसमागम सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 1 फरवरी से 15 फरवरी तक ‘बदलो बिहार न्याययात्रा’ का आयोजन शहरों और प्रखंडों में किया जाएगा।  

पार्टी के दिवंगत महासचिव विनोद मिश्र की 26वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 18 दिसंबर को सभी प्रखंडों में संकल्प सभा आयोजित की जाएगी। इस मौके पर क्रांतिकारी मार्क्सवाद के झंडे को मजबूत करने और फासीवाद के बढ़ते खतरे के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया जाएगा।  

26 दिसंबर को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के स्थापना शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक भारत के निर्माण का संकल्प लिया जाएगा। इस अवसर पर जन सेमिनार आयोजित कर कम्युनिस्ट आंदोलन के गौरवशाली इतिहास और विरासत को याद किया जाएगा।  

पार्टी ने घोषणा की है कि 23 दिसंबर को सभी अंचल कार्यालयों पर गरीबों और मजदूरों की ओर से प्रदर्शन किया जाएगा। सरकार की घोषणा के तहत 2 लाख रुपये की सहायता राशि के लिए आय प्रमाण पत्र निर्गत करने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया जाएगा।  

यह बैठक हरिसभा चौक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। इसमें जिला सचिव कृष्णमोहन, नगर सचिव सूरज कुमार सिंह, बोचहां प्रखंड सचिव रामबालक सहनी, गायघाट प्रखंड सचिव जितेंद्र यादव, और अन्य प्रमुख नेताओं ने भाग लिया।  

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ‘बदलो बिहार महाजुटान रैली’ को जनआंदोलनों का मंच बनाना है। उन्होंने कहा कि इस रैली के जरिए एक प्रगतिशील और विकसित बिहार के निर्माण का संदेश देना होगा। जनता के संघर्षों और उनकी मांगों को रिकॉर्ड गोलबंदी के साथ आगे लाने का आह्वान किया गया।  

बैठक के दौरान नेताओं ने बदलाव का एक स्पष्ट चार्टर तैयार करने और रैली को सफल बनाने के लिए जोरदार तैयारियां करने पर जोर दिया।