मुंगेर विश्वविद्यालय में एबीवीपी का सीनेट घेराव, परीक्षा परिणाम और शुल्क अनियमितता पर उठे सवाल
- Post By Admin on Feb 14 2026
मुंगेर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की मुंगेर विश्वविद्यालय इकाई ने विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक अव्यवस्था, प्रशासनिक लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार के विरोध में सीनेट घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन में लखीसराय जिले से जिला संयोजक मनीष यदुवंशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। परिषद ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणामों के प्रकाशन में अनावश्यक देरी, नामांकन प्रक्रिया में अनियमितता, अवैध शुल्क वसूली और पेमेंट गेटवे के माध्यम से अतिरिक्त शुल्क जैसी समस्याएं छात्रों को लगातार परेशान कर रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने सेमेस्टर परिणाम लंबित रहने, ट्रांजैक्शन फेल होने पर राशि कटौती, फर्जी इंटर्नशिप शुल्क, PG नामांकन शुल्क वापसी में देरी, प्रमाण पत्र वितरण में विलंब तथा महाविद्यालयों में शिक्षकों, प्रयोगशाला, लाइब्रेरी और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विद्यार्थी परिषद ने मांग की कि सभी लंबित परीक्षा परिणाम शीघ्र जारी किए जाएं, अवैध शुल्क वसूली पर तत्काल रोक लगे, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई हो, छात्रों से वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस की जाए तथा शैक्षणिक सत्र को नियमित कर पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए।
आंदोलन में लखीसराय जिले से सैकड़ों छात्रों की भागीदारी दर्ज की गई। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, वहीं परिषद ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।