राष्ट्रीय मंच पर बिहार की युवा शक्ति का जलवा, सांस्कृतिक प्रस्तुति में मुजफ्फरपुर ने मारी बाज़ी

  • Post By Admin on Feb 13 2026
राष्ट्रीय मंच पर बिहार की युवा शक्ति का जलवा, सांस्कृतिक प्रस्तुति में मुजफ्फरपुर ने मारी बाज़ी

मुजफ्फरपुर : मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा 9 से 13 फरवरी तक आयोजित अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का समापन समारोह उत्साहपूर्ण और गौरवशाली वातावरण में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में बिहार के पांच जिले — मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, वैशाली और पटना — से आए कुल 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

समापन समारोह के अंतिम दिन सभी जिलों के प्रतिभागियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसमें बिहार की लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। मुख्य अतिथि के रूप में नैनीताल की विधायक श्रीमती सरिता आर्या एवं सांसद प्रतिनिधि गोपाल सिंह रावत सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।

बिहार के लोकनृत्य वर्ग में शानदार प्रस्तुति के लिए मुजफ्फरपुर की टीम को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। टीम में शुभम रानी, विनीत कुमार सिंह, प्रिंस कुमार, संजीत कुमार, गौतम कुमार झा, विकास कुमार, विवेक कुमार तथा एस्कॉर्ट के रूप में चंदन कुमार शामिल रहे। मुजफ्फरपुर की टीम ने झिझिया, छठ और समा-चकेवा जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम के दौरान उप निदेशक ‘माय भारत’ नैनीताल डॉल्वी तेवतिया ने सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत किया और प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, सांस्कृतिक योगदान और अनुशासन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम से न केवल राज्यों की सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर मिलता है, बल्कि युवाओं में राष्ट्रीय एकता और आपसी समन्वय की भावना भी मजबूत होती है।