जदयू की बैठक से गरमाई बिहार की सियासत, नए मुख्यमंत्री को लेकर हुई चर्चा, बस मुहर लगना बचा है

  • Post By Admin on Mar 06 2026
जदयू की बैठक से गरमाई बिहार की सियासत, नए मुख्यमंत्री को लेकर हुई चर्चा, बस मुहर लगना बचा है

पटना: बिहार की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब जनता दल यूनाइटेड की ओर से सभी विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की एक अहम बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आयोजित की गई। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में पार्टी के लगभग सभी प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान संगठन की स्थिति, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पार्टी के भीतर भावनात्मक माहौल भी देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, नेताओं के बीच आपसी चर्चा के दौरान कई मुद्दों पर खुलकर विचार रखा गया। इसी क्रम में तथाकथित “भूंजा पार्टी” को लेकर भी नेताओं के बीच चर्चा हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बैठक में मौजूद सभी विधायकों और एमएलसी को संबोधित करते हुए कहा कि किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि जब तक वे हैं, तब तक किसी को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान पार्टी के कुछ नेताओं ने मुख्यमंत्री के सामने भावुक होते हुए अपनी बातें रखीं। बताया जा रहा है कि कुछ नेता चर्चा के दौरान भावनात्मक हो गए और अपनी चिंताएं व्यक्त करते हुए रो भी पड़े। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी नेताओं को संयम बनाए रखने और संगठन को मजबूत रखने की सलाह दी।

बैठक के बाद जदयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी नेताओं ने गंभीरता के साथ अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि बैठक में पार्टी और राज्य के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई और सभी नेताओं ने आपसी सहमति के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया। इसी बीच बैठक से जुड़ी एक और बड़ी चर्चा सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में कुछ नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को भविष्य में मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठाई। हालांकि इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस चर्चा ने नई हलचल पैदा कर दी है।

बताया जा रहा है कि बैठक में मौजूद कई नेताओं ने निशांत कुमार को आगे लाने का सुझाव दिया और कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा सकते हैं। चेतन आनंद ने सबसे पहले इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, इस प्रस्ताव पर बैठक में मौजूद सभी नेताओं के बीच सहमति बनने की भी चर्चा सामने आई है। हालांकि अंतिम फैसला क्या होगा, यह आने वाले दिनों में ही स्पष्ट हो पाएगा।

इधर जदयू नेता नीरज कुमार के मुताबिक कल निशांत कुमार औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड में शामिल हो सकते हैं। निशांत कल पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं और इसके बाद पूरे बिहार का दौरा करने की योजना भी बनाई जा रही है। निशांत बिहार भ्रमण के दौरान जनता के साथ जन संवाद भी शुरू करेंगे । यदि ऐसा होता है तो यह बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जाएगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हाल के दिनों में निशांत कुमार की बढ़ती सार्वजनिक सक्रियता और पार्टी कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी इस बात का संकेत दे रही है कि वे धीरे-धीरे राजनीतिक भूमिका में आगे बढ़ सकते हैं। हालांकि अभी तक इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं कहा गया है।

फिलहाल जदयू की इस बैठक के बाद बिहार की राजनीति में कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। नीरज कुमार के बयान के बात यह बात और स्पष्ट होता दिख रहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री निशांत कुमार हो सकते हैं । अब सबकी निगाहें आने वाले दिनों पर टिकी हैं कि पार्टी नेतृत्व आगे क्या निर्णय लेता है और भविष्य में बिहार की राजनीति का नेतृत्व किस दिशा में जाता है।

• खबर में दी गई तस्वीर केवल सांकेतिक है...