लखीसराय : सदर अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक डॉ. अमित कुमार सिन्हा के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्यवाही शुरू की है। डॉक्टर पर आरोप है कि उन्होंने भव्या पोर्टल पर मरीजों का डाटा अपलोड नहीं किया, जिसके चलते उनका वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है। वहीं, डॉ. अमरेश कुमार को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. अमित कुमार सिन्हा के खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करते हुए उन पर जनवरी और फरवरी माह में मैन्युअल अटेंडेंस बनाए रखने का आरोप लगाया है, जबकि उनके द्वारा इलाज किए गए मरीजों की संख्या भव्या पोर्टल पर शून्य दर्ज की गई। विभाग ने इस मुद्दे पर गंभीर संदेह व्यक्त करते हुए डॉ. सिन्हा से भव्या पोर्टल पर इलाज किए गए मरीजों के प्रमाण के साथ संतोषजनक जवाब देने का निर्देश दिया है।
एक फरवरी से सीएस डॉ. बीपी सिन्हा ने सदर अस्पताल में सभी चिकित्सकों की उपस्थिति उनके कार्यालय में बनवाने की व्यवस्था की है। इससे पहले मैन्युअल अटेंडेंस में अनियमितताओं और हेरफेर की शिकायतें आ रही थीं। सीएस डॉ. बीपी सिन्हा ने इस पर गंभीरता से संज्ञान लिया है और चिकित्सकों को चेतावनी दी है कि वे इस तरह की हरकतों से बाज आएं।
एक साल पहले भी कुछ चिकित्सकों के नाम पर ड्यूटी के स्थान पर उपस्थिति बनाने के आरोप सामने आए थे। अस्पताल में नियमित ड्यूटी करने वाले चिकित्सकों का कहना है कि अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों के बदले ड्यूटी करने पर मोटी रकम मिलती है, जिसकी जानकारी अस्पताल प्रबंधन और सीएस कार्यालय को भी है। हालांकि, इस पर कार्रवाई करने के लिए ठोस साक्ष्य की कमी की बात की जा रही है।
सीएस डॉ. बीपी सिन्हा ने बताया कि चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।




















