गरीब परिवार की बेटी की शादी में संस्था ने दिया पूरा सहयोग, विदाई तक संभाली जिम्मेदारी
- Post By Admin on Feb 21 2026
मुजफ्फरपुर : समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए सोशल वर्कर फॉर वूमेन एंपावरमेंट संस्था की ओर से एक जरूरतमंद लड़की की शादी के लिए संपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। संस्था ने विवाह हेतु आवश्यक सभी घरेलू और श्रृंगार सामग्री के साथ 5100 रुपए की नकद सहायता भी दी।
संस्था की ओर से चावल, आटा, दाल, बर्तन सेट, ट्रॉली बैग, 11 साड़ी सेट, सूट, दो सेट धोती, एक जोड़ा, चुनरी, पुरुषों के पांच सेट शर्ट-पैंट, कुर्ता-पायजामा सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं। इसके अलावा ज्वेलरी में पायल, बिछिया, नथ (नाक की कील) और अन्य श्रृंगार सामग्री भी दी गई।
संस्था की अध्यक्ष सुमिता प्रकाश, सदस्य मीरा जैसवाल, पूनम गुप्ता, डॉ. बेनू वर्तिका और संयोजक बबली कुमारी की मौजूदगी में यह सहयोग प्रदान किया गया। इस मौके पर भवानी हॉस्पिटल से रंजीत कुमार और प्रेम कुमार तथा गणपति हॉस्पिटल की डॉ. आशु रानी भी उपस्थित रहीं और उन्होंने भी इस सामाजिक पहल में पूरा सहयोग दिया।
संयोजक बबली कुमारी ने बताया कि भगवानपुर निवासी इस लड़की की शादी 25 फरवरी को निर्धारित है। संस्था ने लड़की की मां को आश्वासन दिया है कि विदाई तक विवाह की पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी संस्था निभाएगी और यदि किसी प्रकार की कोई कमी रह जाती है तो उसे भी पूरा किया जाएगा।
संस्था की ओर से यह 29वीं बेटी की शादी है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संगठन ने उठाई है। सहायता पाकर लड़की की मां ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया और खुशी जाहिर की। संस्था के इस प्रयास की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।