प्रेम प्रसंग को लेकर साजिश और षडयंत्र के तहत हुई कन्हैया की हत्या : एसपी
- Post By Admin on Jul 21 2024

लखीसराय: पिपरिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर से 17 जुलाई से लापता कन्हैया कुमार का शव पुलिस ने मानोघाट, सूर्यगढ़ा के पास नदी से बरामद किया है। एसपी पंकज कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित एक प्रेस मीट में बताया कि प्रेम प्रसंग को लेकर पड़ोसी लड़की के परिजनों द्वारा एक साजिश और षडयंत्र के तहत कन्हैया की हत्या की गई है।
मृतक कन्हैया कुमार का पड़ोसी निवास सिंह की पुत्री से कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कन्हैया के मोबाइल में दोनों के कुछ अश्लील फोटो और वीडियो सेव थे, जिससे निवास सिंह और उनके परिवार के लोग आक्रोशित थे।
10 जुलाई 2024 को निवास सिंह ने अपनी पुत्री की शादी कर दी। इसके बाद कन्हैया ने अपनी प्रेमिका के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो लड़की पक्ष के लोगों को भेजना शुरू कर दिया, जिससे लड़की के ससुराल वालों ने इसकी शिकायत लड़की के पिता से की और लड़की को वापस ले जाने की बात कही। इससे लड़की के परिवार के लोग और भी आक्रोशित हो गए और कन्हैया को विधापीठ (बाबा-ढाबा) से उठाकर गला दबाकर हत्या कर दी।
मृतक के पिता सच्चिदानंद सिंह ने कन्हैया के अपहरण के संबंध में पिपरिया थाना में निवास सिंह, मनीष सिंह, गौतम सिंह और अभिमन्यु सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पिपरिया थाना कांड सं0-68/24, दिनांक 18.07.2024 धारा-137 (2)/140(3) बीएनएस-2023 के तहत मामला दर्ज किया गया।
कन्हैया कुमार की बरामदगी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। मुंगेर और जमुई जिलों में लगातार छापेमारी की जा रही थी। अनुसंधान के क्रम में निवास सिंह और मनीष सिंह को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर कन्हैया का शव मानोघाट, सूर्यगढ़ा से बरामद हुआ। मनीष सिंह ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि उसने अपने भाई निवास सिंह, गौतम सिंह और अभिमन्यु सिंह के साथ मिलकर कन्हैया का अपहरण किया, बेरहमी से मारपीट कर हत्या की और लाश को नदी में डुबा दिया।
फरार गौतम सिंह और अभिमन्यु सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।