नारी शक्ति को सलाम : राज्य स्तरीय समारोह में मुजफ्फरपुर की सुमन, मुस्कान और अनिता सम्मानित
- Post By Admin on Mar 10 2026
मुजफ्फरपुर : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष एवं कठपुतली कलाकार सुमन कुमारी, एम एस केशरी पब्लिकेशन की संस्थापिका एवं युवा समाजसेवी मुस्कान केशरी तथा लोक गायिका अनिता कुमारी को मिथिला पाग, अंगवस्त्र और स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
यह जानकारी सरला श्रीवास सामाजिक-सांस्कृतिक शोध संस्थान, मालीघाट में आयोजित बैठक में संस्थान के संयोजक एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि रिम्मी टीवी के बैनर तले शहर के दलसिंहसराय स्थित बल्लोचक के अनन्या रेजीडेंसी सभागार में राज्य स्तरीय महिला सम्मान समारोह सह सांस्कृतिक कार्यक्रम सीजन-4 का आयोजन किया गया था, जिसमें सौ से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बॉलीवुड फिल्म निर्मात्री-निर्देशक चेतना झांब, बसढ़िया वाली माता के नाम से चर्चित राजा बाबू, तेघड़ा की मेयर सोनाली भारती, सरायरंजन की मेयर पूजा कुमारी, जिला पार्षद हेमलता कुमारी, सरायरंजन प्रखंड प्रमुख वीणा कुमारी, लोक गायिका उषा यादव तथा प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष गीता साह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत रिम्मी टीवी की फाउंडर मधु कुमारी और रणजीत रजक ने किया। कार्यक्रम का संचालन रश्मि कुमारी, बरखा भारती और उत्सव जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक में कवि कलमकार सुजाता शर्मा, श्वेता मौर्या, तुसार कुमार, सदैव सौरभ, कलाकार संजय कुमार यादव, महावीर साह, कुमकुम भारती, खुशबू कुमारी, महेसर पासवान, लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण के संयोजक सुरेश कुमार गुप्ता, चाइल्डसेफ इंडिया के सचिव जयचंद्र कुमार, परफेक्ट सोल्यूशन सोसाइटी के सचिव अनिल कुमार ठाकुर तथा अमन चिल्ड्रेन स्कूल की प्राचार्य बबिता ठाकुर सहित कई लोगों ने सम्मानित महिलाओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन सुमन कुमारी ने किया।