आशुतोष शाही हत्या कांड: परिजनों से मिले जीतन राम मांझी, नीतीश सरकार पर जमकर साधा निशाना

  • Post By Admin on Aug 05 2023
आशुतोष शाही हत्या कांड: परिजनों से मिले जीतन राम मांझी, नीतीश सरकार पर जमकर साधा निशाना

मुजफ्फरपुर: शहर में बीते 21 जुलाई को हुए आशुतोष शाही हत्या कांड ने न केवल प्रशासनिक अपितु राजनीतिक दलों के बीच भी उथल पुथल मचा दिया है। इस हत्या कांड ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है वहीं राजनीतिक पार्टियां पूरे जोर शोर से इस मुद्दे पर आवाज उठा रही है। वहीं कुछ पार्टी इस प्रकरण में पुलिस की कार्यवाही पर भी सवाल उठा रहे हैं। राजनीतिक पार्टियों के मुखिया मृतक आशुतोष शाही के परिजनों से लगातार मुलाकात कर रहे हैं और शोक संतप्त परिजनों को न्याय का आश्वासन दे रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को हम पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जीतन राम मांझी मुजफ्फरपुर पहुंचे और उन्होंने स्वर्गीय आशुतोष शाही के निवास पर जाकर शोकाकुल परिवार से मिलने के बाद उनका हालचाल जाना। 

उन्होंने इस घटना पर गहरा अफसोस प्रकट करते हुए कहा कि नीतीश सरकार में आतंक का राज कायम है। आशुतोष शाही की हत्या से पूरा मुजफ्फरपुर डर के साए में जी रहा है। उन्होंने इस घटना की जांच सीआईडी से होने पर संतुष्ट नहीं होने की बात कह कर कहा की मैं इस घटना की जांच सीबीआई से कराने की मांग करता हूं। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार काफी डरे हुए हैं इसलिए इनके परिवार के लिए सरकार पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करे। उन्होंने कहा कि आशुतोष शाही ने पूर्व में अपराधियों पर एफआईआर कर रखा था और उन्हें भय था तो सरकार ने पहले से मंटू शर्मा पर क्यों नहीं कार्यवाई किया? उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार बेलगाम हो चुकी है। इसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है।

उन्होंने मृतक के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि मैं आपके साथ खड़ा हूं। पूर्व मुख्यमंत्री श्री जीतन राम मांझी जी के साथ हम पार्टी के जिला अध्यक्ष शरीफुल हक, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुजफ्फरपुर प्रभारी संजर आलम, महानगर अध्यक्ष राहुल कुमार, सकरा अध्यक्ष महेश पासवान, कांटी अध्यक्ष बृजेश सिंह, साहिबगंज साधु सिंह, सरैया प्रखंड अध्यक्ष रूपेश पासवान, मुन्ना खान, महिला सेल की जिला अध्यक्ष डॉ. स्नेह लता पांडे, कन्हैया कुमार गुप्ता, चितरंजन वर्मा, नबी आलम, उपेंद्र पासवान, बसंत माझी, रेखा देवी, सुधीर कुमार, रिंकू, मोहम्मद शादाब, मुंशी राय, मोहम्मद कलाम इत्यादि नेता मौजूद थे।