मद्यनिषेध विभाग की बड़ी छापेमारी, अवैध शराब के साथ 12 गिरफ्तार
- Post By Admin on Feb 08 2026
लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मद्यनिषेध थाना, लखीसराय द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध शराब बिक्री और सेवन के मामलों में कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई शनिवार को जिले के अलग-अलग स्थानों पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहला मामला पीरी बाजार थाना क्षेत्र के खेड़ा महसौनी वार्ड संख्या-08 का है, जहां मदन पासवान के पास से 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। वहीं कजरा थाना क्षेत्र के रामतलीगंज में रंजीत मांझी के पास से 6.5 लीटर और सोना देवी के पास से 4 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसी इलाके से विशाल कुमार और किशोर मांझी को शराब पीते हुए पकड़ा गया।
इसके अलावा श्रीघना थाना कजरा क्षेत्र से प्रेम कुमार को दूसरी बार शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुरतफापुर में विशुनदेव राम और बिजली राम को शराब सेवन करते हुए पकड़ा गया।
बड़हिया थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मनीष कुमार उर्फ सन्नी कुमार, अरविंद कुमार, कन्हैया मलिक और अजीत कुमार को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन सभी पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मद्यनिषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराब के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे शराब से दूर रहें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।