मेरा युवा भारत के तहत नैनिताल में अंतर्राज्यीय युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम, बिहार के 37 युवाओं का चयन
- Post By Admin on Feb 09 2026
नैनिताल: मेरा युवा भारत कार्यक्रम के अंतर्गत 9 से 13 फरवरी तक उत्तराखंड के नैनिताल में आयोजित अंतर्राज्यीय युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम में बिहार के कुल 37 युवाओं का चयन किया गया है। इनमें मुजफ्फरपुर जिले से 7 प्रतिभागी और एक एस्कॉर्ट शामिल हैं। यह कार्यक्रम उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक आदान–प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के पहले दिन उद्घाटन सत्र का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। नगर पालिका नैनीताल की चेयरमैन सरस्वती खेतवाल, कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति दीवान सिंह रावत तथा उप निदेशक सह जिला युवा अधिकारी नैनीताल डॉलवी तेवतिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उद्घाटन सत्र में अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में प्रतिभागियों को कुमाऊँ क्षेत्र की पारंपरिक लोक कला कुमाउन पेंटिंग, जिसे ऐपण के नाम से जाना जाता है, से परिचित कराया गया। इस दौरान प्रशिक्षकों ने ऐपण कला की उत्पत्ति, इसकी पारंपरिक तकनीक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इस कला को सीखने में भाग लिया और कलाकारों से सीधे संवाद कर अपने प्रश्नों के उत्तर भी प्राप्त किए।
प्रतिभागियों ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से समझने और सीखने का प्रेरणादायक अवसर मिल रहा है। कार्यक्रम के शेष दिनों में भी युवाओं को उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपराओं, लोक कलाओं और पारंपरिक कौशलों से रूबरू कराया जाएगा, जिससे आपसी समझ और राष्ट्रीय एकता को और मजबूती मिलेगी।