भाजपा नेता व पूर्व मंत्री पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बची जान
- Post By Admin on Feb 10 2026
हापुड़ : जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मदन चौहान पर फॉर्च्यूनर सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। यह घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरणपुरा के पास की बताई जा रही है। गनीमत रही कि बदमाशों द्वारा पिस्टल का ट्रिगर दबाने के बावजूद गोली नहीं चली, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
पुलिस के अनुसार, पूर्व मंत्री मदन चौहान गांव हिरणपुरा में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार में सवार तीन से चार युवकों ने उनकी गाड़ी को अचानक रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनके साथ अभद्रता की और पिस्टल तानते हुए जान से मारने की कोशिश की। पूर्व मंत्री का कहना है कि बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग की, लेकिन तकनीकी कारणों से गोली नहीं चल सकी।
घटना के समय साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पूर्व मंत्री ने थाना गढ़मुक्तेश्वर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
गौरतलब है कि मदन चौहान पहले भी खनन माफियाओं के निशाने पर रह चुके हैं और उन पर पूर्व में हमला हो चुका है। वह तीन बार विधायक रह चुके हैं तथा समाजवादी पार्टी सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में सक्रिय हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक हापुड़ विनीत भटनागर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव हिरणपुरा में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री के साथ अभद्रता और हमले के प्रयास की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की और पीड़ित का बयान दर्ज किया। उन्होंने बताया कि मदन चौहान पूरी तरह सुरक्षित हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।