चंपारण सत्याग्रह की वर्षगांठ पर बापू को दी गई श्रद्धांजलि, ऐतिहासिक आगमन को किया गया याद

  • Post By Admin on Apr 15 2025
चंपारण सत्याग्रह की वर्षगांठ पर बापू को दी गई श्रद्धांजलि, ऐतिहासिक आगमन को किया गया याद

मोतिहारी : 15 अप्रैल 1917 को महात्मा गांधी के चंपारण आगमन की स्मृति में मंगलवार को बापू धाम रेलवे स्टेशन परिसर में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक दिन को याद करते हुए गांधी जी समेत चंपारण सत्याग्रह से जुड़े कई प्रमुख नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्टेशन अधीक्षक दिलीप कुमार ने की, जबकि संयोजन नवनीत कुमार गिरि एवं आकर्ष कुमार तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस मौके पर गांधी जी के साथ-साथ किसान आंदोलन में सहयोगी रहे राजकुमार शुक्ल, लोमराज सिंह, गोरख प्रसाद, पिरमहमद मुनीष, शीतल राय और शेख गुलाब को भी श्रद्धा से याद किया गया।

इस अवसर पर अधिवक्ता विनय सिंह, डॉ. कमलेश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता विनय कुमार, राय सुन्दर देव शर्मा, उषा त्रिवेदी, रंजीत गिरि, संजय सत्यार्थी, राजीव रंजन, सोनू कुमार, अमिता निधि, किशोर पांडेय, रेल सुरक्षा बल प्रभारी भरत प्रसाद सहित कई गांधी विचारों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में चंपारण सत्याग्रह को स्वतंत्रता संग्राम का निर्णायक मोड़ बताते हुए उसके मूल्यों को सहेजने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी 1917 में राजकुमार शुक्ल के आमंत्रण पर चंपारण आए थे और यहां के किसानों की समस्याओं को समझते हुए अंग्रेजी शासन के खिलाफ पहला सत्याग्रह शुरू किया था, जिसने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की दिशा ही बदल दी थी।