लखीसराय में छठ की तैयारी की समीक्षा, घाटों तक पहुंच पथ और रोशनी दुरुस्त करने का आदेश

  • Post By Admin on Nov 03 2026
लखीसराय में छठ की तैयारी की समीक्षा, घाटों तक पहुंच पथ और रोशनी दुरुस्त करने का आदेश

लखीसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने लखीसराय नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में डीएम और एसपी ने सूर्यनारायण घाट, वीर हनुमान घाट, कुशवाहा घाट, विद्यापीठ घाट, महावीर घाट और अष्टघट्टी पोखर सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति देखी। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी छठ घाटों पर युद्धस्तर पर सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही घाटों पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल और श्रद्धालुओं की जरूरत से जुड़ी अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने छठ के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और छठ महापर्व से पहले तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों पर स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने को प्रशासन की प्राथमिकता बताया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, नगर परिषद लखीसराय के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।