आरडीएस कॉलेज के छात्रों का राष्ट्रीय पटल पर जलवा, सेबी क्विज के फाइनल में पहुंचे सत्यम और हिमांशु

  • Post By Admin on Oct 16 2026
आरडीएस कॉलेज के छात्रों का राष्ट्रीय पटल पर जलवा, सेबी क्विज के फाइनल में पहुंचे सत्यम और हिमांशु

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए संस्थान का मान बढ़ाया है। कॉलेज की टीम ने एनआईएसएम-सेबी (NISM-SEBI) राष्ट्रीय साक्षरता प्रश्नोत्तरी 2026 के पूर्वी क्षेत्रीय चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले के लिए क्वालिफाई कर लिया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के क्षेत्रीय चरण में कॉलेज का प्रतिनिधित्व सत्यम कुमार और हिमांशु कुमार ने किया, जिनका चयन अब राष्ट्रीय स्तर के अंतिम मुकाबले के लिए हुआ है।

दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले का आयोजन 28 और 29 नवंबर 2026 को किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए दोनों चयनित छात्रों को यात्रा व्यय के रूप में छह-छह हजार रुपये की राशि भी प्रदान की जाएगी। छात्रों की इस शानदार सफलता पर हर्ष जताते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने कहा कि सत्यम और हिमांशु का राष्ट्रीय स्तर के ग्रैंड फिनाले में पहुंचना पूरे कॉलेज परिवार के लिए अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने इसे विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, मेधा और वित्तीय जागरूकता का परिणाम बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं, वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका दीक्षित और वरिष्ठ शिक्षक डॉ. नेयाज अहमद ने भी दोनों छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों से छात्र-छात्राओं में वित्तीय साक्षरता और आर्थिक समझ गहरी होती है। शिक्षकों ने पूरा भरोसा जताया कि सत्यम और हिमांशु ग्रैंड फिनाले में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर महाविद्यालय व शहर का नाम रोशन करेंगे।