एलएनटी कॉलेज में जैव विविधता पर व्याख्यान के साथ रचनात्मक प्रतियोगिताएं, विजेता सम्मानित
- Post By Admin on Nov 03 2026
मुजफ्फरपुर : ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में मंगलवार को जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। ‘पारिस्थितिकी संतुलन, जैव विविधता और मानव अस्तित्व की सुरक्षा का आधार’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने प्राकृतिक संसाधनों, वन्यजीवों और उनके आवासों के संरक्षण को मानव जीवन के लिए जरूरी बताया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के पूर्व वैज्ञानिक एवं संयुक्त निदेशक डॉ. गोपाल शर्मा ने कहा कि नदियों, वनों और आर्द्रभूमियों का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ मानव जीवन की सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने गंगा नदी और गांगेय डॉल्फिन का उदाहरण देते हुए वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. ममता रानी ने अध्यक्षीय संबोधन में विद्यार्थियों से पर्यावरण एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में मौजूद स्थानीय जैव विविधता की सूची तैयार कराने की घोषणा की।
विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मोहन ने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण मनुष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रकृति के प्रति प्रेम और उसके संरक्षण में व्यक्तिगत भागीदारी को जरूरी बताया। वहीं, प्रो. (डॉ.) श्री नारायण प्रसाद सिंह ने जैव विविधता और खाद्य सुरक्षा के आपसी संबंधों पर प्रकाश डाला। डॉ. ब्रज किशोर प्रसाद सिंह ने सतत विकास तथा प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग की आवश्यकता बताई। प्रो. (डॉ.) मनेंद्र कुमार ने स्थानीय जैव विविधता के संरक्षण के साथ इस क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने पर बल दिया।
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. विपिन कुमार ने कहा कि प्रकृति के प्रत्येक जीव की अपनी अहम भूमिका है। पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी रक्षा करना भी प्रकृति के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक तरीका है। व्याख्यान के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मक और शैक्षणिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए पीपीटी, पोस्टर मेकिंग, मॉडल मेकिंग, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. गोपाल शर्मा, प्रो. (डॉ.) राकेश मोहन, प्रो. (डॉ.) श्री नारायण प्रसाद सिंह, प्रो. (डॉ.) मनेंद्र कुमार, डॉ. ब्रज किशोर प्रसाद सिंह और डॉ. अर्चना गुप्ता शामिल थे।
पीपीटी प्रतियोगिता में श्वेता कुमारी ने प्रथम, रितु रानी ने द्वितीय और मुस्कान कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग में केशव प्रथम, अंशु कुमारी द्वितीय और साक्षी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। पेंटिंग प्रतियोगिता में लीजा फलक को पहला, रिफत जाहरा को दूसरा और उपासना कुमारी को तीसरा स्थान मिला। मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता में अमृत कुमार ने प्रथम, राजनंदिनी कुमारी ने द्वितीय और आस्था राज ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में आयुषी की टीम प्रथम और आस्था सिंह की टीम द्वितीय स्थान पर रही। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. योगेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए मुख्य वक्ता, निर्णायक मंडल, प्राचार्या, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया।