राजकीय डिग्री कॉलेज गायघाट में दीपोत्सव का आयोजन, विद्यार्थियों ने जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर बिखेरी मुस्कान
- Post By Admin on Nov 03 2026
मुजफ्फरपुर : राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गायघाट में मंगलवार को आगामी दीपावली पर्व के अवसर पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने जरूरतमंद और वंचित बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए कागज के पैकेटों में मिठाइयां और दीपावली से जुड़ी सामग्री रखकर बच्चों के बीच वितरित की गई।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को त्योहारों की खुशियों में समाज के जरूरतमंद लोगों को शामिल करने का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और सामाजिक संवेदनशीलता की भावना को प्रोत्साहित करना था। दीपोत्सव से एक दिन पहले महाविद्यालय परिसर में स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। इसमें विद्यार्थियों ने परिसर की साफ-सफाई में हिस्सा लिया। दोनों गतिविधियों के जरिए स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों और सामुदायिक भागीदारी के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पयोली के साथ सहायक प्राध्यापक डॉ. सुशील कुमार, डॉ. आयुष वत्स, डॉ. उपांशु, डॉ. विशाल गिरीश तिवारी, डॉ. तरुण कुमार भट्ट, डॉ. शिल्पा उपाध्याय, डॉ. ज्योति रानी, डॉ. दत्तात्रेय, श्री गणेश महतो, सुश्री अंजू प्रकाश, सुश्री शिखा राय और श्री अभिज्ञान रंजन उपस्थित रहे। गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों में श्री सौम्य प्रवीण (यूडीसी) और श्री कृष्णा कुमार ने भी भाग लिया।